रांची : झारखण्ड सरकार द्वारा अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के माध्यम से “झारखण्ड अनुसूचित जनजाति शिक्षण उत्थान कार्यक्रम” प्रारंभ किया जा रहा है. परियोजना निदेशक, समेकित विकास जनजाति अभिकरण रांची सह अध्यक्ष संचालन समिति अनुसूचित जनजाति शिक्षण उत्थान कार्यक्रम झारखण्ड सरकार, रांची, संजय कुमार भगत ने जानकारी देते हुए बताया. इस योजना का उद्देश्य राज्य के मेधावी एवं प्रतिभाशाली अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं जेइइ (इंजीनियरिंग) तथा निट (मेडिकल) की तैयारी हेतु विश्वस्तरीय एवं पूर्णतः निःशुल्क कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराना है. यह योजना झारखण्ड सरकार की एक दूरदर्शी पहल है, जिसका लक्ष्य है कि राज्य के जनजातीय विद्यार्थी आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करें और डॉक्टर एवं इंजीनियर बनने के अपने सपनों को साकार करें. इस योजना के अंतर्गत कुल 300 विद्यार्थियों को हिंदपीढ़ी, रांची स्थित मल्टीपर्पस हॉल-कम-ट्रेनिंग सेंटर में आवासीय कोचिंग सुविधा प्रदान की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम का संचालन मोशन एजुकेशन, कोटा जो झारखण्ड सरकार द्वारा चयनित संस्था है के सहयोग से किया जा रहा है. चयनित विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा उच्चस्तरीय कोचिंग, आवासीय सुविधा (लड़के या लड़कियों हेतु पृथक छात्रावास), अध्ययन सामग्री एवं ई-कॉन्टेंट युक्त टैबलेट, पुस्तकालय एवं डिजिटल अध्ययन सुविधा पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जाती है. पात्रता मापदंड के मुताबिक, विद्यार्थी झारखण्ड राज्य के अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग से संबंधित हों, आवेदक झारखण्ड का स्थायी निवासी हो, विद्यार्थी के माता-पिता नियमित सरकारी सेवा में न हों, जो विद्यार्थी अन्य समान सरकारी योजनाओं के अंतर्गत कोचिंग का लाभ ले रहे हैं, वे पात्र नहीं होंगे. आवश्यक दस्तावेज़ देने होंगे, जिसके तहत आवेदक को जाति प्रमाणपत्र (एसटी), अंकतालिका, आधार कार्ड और पासपोर्ट आकार का फोटो जमा करना होगा. इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी ऑनलाइन अथवा ऑफ़लाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन www.jharkhandshikshanutthan.com पर जाकर आवेदन करें. (नीचे भी पढ़ें)
आवश्यक विवरण एवं दस्तावेज़ अपलोड कर फॉर्म सबमिट करें. ऑफ़लाइन आवेदन फॉर्म वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है अथवा विभागीय कार्यालयों या नजदीकी आइटीडीए या जिला कल्याण कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है. फॉर्म को सही जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज़ों के साथ संबंधित जिला कल्याण कार्यालय या ITDA कार्यालय में जमा किया जा सकता है. दस्तावेज़ सत्यापन एवं मेरिट या स्क्रीनिंग टेस्ट के आधार पर पात्र विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा. चयनित विद्यार्थियों को पोर्टल अथवा विभागीय सूचना माध्यम से कोचिंग आरंभ तिथि एवं रिपोर्टिंग निर्देश प्रदान किए जाएंगे. आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 नवम्बर 2025 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है. अधिक जानकारी हेतु विद्यार्थी www.jharkhandshikshanutthan.com वेबसाइट पर उपलब्ध दिशानिर्देश पढ़ सकते हैं या 9251664830 पर संपर्क कर सकते हैं. विद्यार्थियों की सुविधा हेतु क्यूआर कोड दिया गया है जिसे अपने मोबाइल से स्कैन करके भी विद्यार्थी सीधे वेबसाइट पर पहुंच सकते है.




