
रांची : झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार को शुरू हुआ. सत्र के पहले दिन स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने सदन को संबोधित किया. सदन को संबोधित करते हुए स्पीकर ने बताया कि सत्र 7 अगस्त तक आहूत है, जिसमें कुल पांच कार्य दिवस होंगे. 4 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2025-2026 का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जायेगा. स्पीकर ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य का जिक्र किया. साथ ही उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की. मानसून सत्र के पहले दिवंगत हुई कई प्रतिष्ठित हस्तियों और आम नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक प्रस्ताव पारित किया गया. इस दौरान रवींद्रनाथ महतो ने सदन को संबोधित करते हुए लोकतंत्र आदर्श परंपराओं के निर्वाह, सदन में रचनात्मक संवाद और सहभागिता की अहमियत पर बल दिया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि लोकतंत्र केवल बहुमत का शासन नहीं है बल्कि अल्पमत का सम्मान भी जरूरी है. सदन को स्वस्थ्य बहस, रचनात्मक आलोचना और विचार विमर्श का मंच होना चाहिए. उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को अनुपूरक बजट पेश करने के बाद 5 अगस्त को प्रश्नकाल के बाद अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी. 6 अगस्त को प्रश्नकाल और राजकीय विधेयकों पर विचार किया जायेगा. 7 अगस्त को प्रश्नकाल के बाद राजकीय विधेयक और गैर सरकारी संकल्पों पर चर्चा होगी. इस दौरान सदन में सारे पूर्व सांसदो, पूर्व विधायकों, कई विभूतियों के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया गया. इसके बाद सदन के नेता सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी सहित अन्य लोगों ने इनके शोक प्रस्ताव पर चर्चा की. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद सोमवार की सुबह 11 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया. स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने मानसून सत्र के लिए सभापतियों के नाम की घोषणा की. इसमें स्टीफन मरांडी, सीपी सिंह, निरेल पूर्ति, रामचंद्र सिंह और नीरा यादव शामिल है. कार्यमंत्रणा समिति की भी घोषणा की गयी, जिसमें अध्यक्ष स्वयं स्पीकर होंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, विधायक सरयू राय, निरल पूर्ति और अरुप चटर्जी को सदस्य बनाया गया. वहीं, विशेष आमंत्रित सदस्य मंत्री दीपक बिरुआ, मथुरा महतो, सीपी सिंह, स्टीफन मरांडी, प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, नवीन जायसवाल, जनार्दन पासवान, बसंत सोरेन, नीरा यादव, कल्पना सोरेन मुर्मू, निर्मल महतो और जयराम महतो को शामिल किया गया है.



