
चाईबासा : झींकपानी प्रखंड अंतर्गत विंगतोपांग गांव के राजनबासा टोला के ग्रामीणों ने अपने मुंडा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुंडा के विरोध में सोमवार राजनबासा टोला में ग्रामसभा की गई। जिसकी अध्यक्षता जयसिंह हेस्सा ने की। ग्राम सभा में ग्रामीणों ने कहा कि मुंडा सुधीर चंद्र बिरुली अपनी मनमानी कर रहे हैं। गांव की परती जमीन पर जबरदस्ती कब्जा कर रहे हैं। मुंडा के रवैया से ग्रामीण शोषित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि स्कूली बच्चों के आय,जाति प्रमाण पत्र या आधार के लिए मुंडा की अनुशंसा या हस्ताक्षर देनी होती है, लेकिन मुंडा अनुशंसा नहीं करते हैं और ग्रामीणों को दौड़ाते रहते हैं।
ग्राम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि मुंडा अपने कार्य प्रणाली में सुधार नहीं लाते है और गांव की परती जमीन नहीं वापस करेंगे तो मुंडा का गांव से बहिष्कार किया जाएगा। वहीं मुंडा को पद से विमुक्त किया जाएगा। इस संबंध में जिला प्रशासन को भी सूचित करने का निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में बीके कारवा, सुरेन बानरा, डोबरो हेस्सा, लखिंद्र खंडाइत, लेबेया हेस्सा, कालीचरण कारवा, श्याम हेस्सा समेत काफी संख्या में महिला पुरूष उपस्थित थे।








