
जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय संविदा आधारित शिक्षक संघ के अध्यक्ष राकेश कुमार पाण्डेय ने बयान जारी कर कहा है कि विश्वविद्यालय के रवैया से नाराज घंटी आधारित शिक्षक कल यानी 7 अगस्त 2020 से क्लास नहीं लेंगे. उन्होंने कहा है कि एक तो हमें 6 महीना से पैसा नहीं मिला है, ऊपर से विशवविद्यालय के द्वारा नित्य नये आदेश दे कर बिल लौटा दिया जाता है. जब लॉकडाउन से पहले एचओडी और प्रिंसिपल के साइन को मानकर पेमेंट होता था तो अब उनके साइन होने के बाद भी बिल क्यों लौटा दिया जा रहा. अभी कहा जा रहा है कि आप ऑनलाइन क्लास जो लेते हैं उसका स्क्रीन शॉट लगाकर भेजें. अब एक दिन में चार क्लास तो किसी का महीने में कम से कम 70 क्लास का 70 पेज प्रिंट कर बिल के साथ लगाना पडे़गा. राकेश पाण्डेय ने कहा है कि विश्वविद्यालय के द्वारा किए जा रहे इस मानसिक प्रताड़ना से सभी शिक्षक आहत हैं. कर्ज लेकर नेट पैक भरवा-भरवा क्लास लेने वाले शिक्षक को पैसा देने में मनमानी करने और मानसिक प्रताड़ना कर परेशान करना विश्वविद्यालय को बंद करना होगा. जब तक विश्वविद्यालय अपना मत स्पष्ट नहीं करेगा शिक्षक क्लास नहीं लेंगे. जब कुलपति कहते हैं कि प्रिंसिपल जो बिल भेजेंगे हम उसके आधार पर पेमेंट करेंगे, तो कुलपति के ऊपर होकर भी बिल वापस करना शिक्षकों का अपमान करने जैसा है. विश्वविद्यालय जबतक इस विषय पर अपना रुख स्पष्ट नहीं करेगा, शिक्षक क्लास नहीं लेंगे.







