
जमशेदपुर : अखिल भारतीय विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक संघ (एआईफुक्टो) के राष्ट्रीय सचिव डॉ विजय कुमार पीयूष एवं को जमशेदपुर ऑपरेटिव कॉलेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ संजीव कुमार सिंह ने मंगलवार को कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति से शिष्टाचार मुलाकात की एवं उन्हें बधाई दी। शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के संदर्भ में कुलपति प्रो गंगाधर पांडा ने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर की जो भी समस्याएं हैं उन्हें वह स्वयं पहलकदमी प्राथमिकता के स्तर पर समाधान करेंगे। साथ ही शिक्षकों की जो समस्याएं जेपीएससी एवं सरकार के स्तर पर लंबित हैं उसके लिए भी वे विश्वविद्यालय की तरफ से सक्रिय प्रयास करेंगे एवं उनके निष्पादन के लिए सरकार से शिक्षकों के पक्ष में निवेदन करेंगे। इसके अतिरिक्त उन्होंने घंटी आधारित शिक्षकों के समस्याओं के समाधान के लिए भी सार्थक पहलकदमी करने की बात कही। कुलपति प्रो पांडा ने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय के मेधावी छात्रों के लिए वे विभिन्न सामाजिक- शैक्षणिक संस्थाओं से संपर्क कर उनके लिए छात्रवृत्ति का इंतजाम करने का भी प्रयत्न करेंगे। डॉ पीयूष ने कुलपति प्रो गंगाधर पांडा को भरोसा दिलाया कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक-अकादमिक उत्थान में विश्वविद्यालय के शिक्षकों का भरपूर सहयोग उन्हें प्राप्त होता रहेगा।







