
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा सीएचसी में एंटी स्नेक वेनम नहीं होने के कारण विगत एक माह में सर्पदंश से 9 लोगों की मौत हो चुकी है. इस कमी को दूर करने के लिए मंगलवार को बहरागोड़ा -घाटशिला के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने बहरागोड़ा सीएचसी के डॉ सावित्री रानी को एंटी स्नेक वेनम वेक्सीन सौंपा. जिला खंड कार्यवाही मनोज गिरि और साथी स्वयंसेवकों ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम वेक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण पिछले मई महीने से लेकर अबतक बहरागोड़ा सीएचसी में सर्पदंश से 9 ग्रामीणों की मौत उपचार के अभाव में हुई है. लॉकडाउन के पहले ऐसे मरीजों को ओडिशा के बारीपादा या फिर बंगाल के झाड़ग्राम रेफर किया जाता था. लॉक डाउन के बाद जब से ओडिशा और बंगाल सरकार ने किसी भी प्रकार के अन्य राज्यों की मरीजों की भर्ती लेना बंद कर दिया है. ऐसे में बहरागोड़ा सीएचसी के आपातकालीन मरीजों को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया जाता है. बहरागोड़ा से एमजीएम जाने के क्रम में सर्पदंश के मरीज दम तोड़ देते हैं. विदित हो कि पिछले 4 जून 2020 को वार्ड सदस्य सह समाजसेवी विशु ओझा ने अपने निजी स्तर से बहरागोड़ा सीएचसी के डॉक्टर सुराई मार्डी के हाथों एंटी स्नेक वेनम की 8 फाइल सौंपी थी और मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यवाही सदस्यों ने डॉ सावित्री रानी को 5 फाइल सौंपी है. इस दौरान मनोज गिरि, रंगलाल महतो, बुद्धेश्वर मार्डी, गोविंद, विजय, सत्यनारायण पुष्टि, बिशु दंडपाट, नरेंद्र कुमार, सुब्रत दास, गोविंद जेना, विजय भंडारी समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

















