
रांची / जमशेदपुर : राज्य में कोरोना वायरस का प्रकोप दिनों-दिन बढ़ता ही जा रहा है. इसे देखते हुए माना जा रहा है कि मौजूदा छूट व बंदिशों के साथ 31 अगस्त तक लॉकडाउन की अवधि बढ़ायी जा सकती है. इस मसले पर लगभग सहमति बन चुकी है, बस अंतिम मुहर लगना बाकी है. गुरुवार को (आज ही) लॉकडाउन पर अंतिम मुहर लगने की उम्मीद जतायी जा रही है. राज्य में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राज्य शासन व प्रशासन की चिंता बढ़ गयी है. इसे लेकर शासन व प्रशासन ने लॉकडाउन के नियमों व बंदिशों को सख्ती के साथ अमल में लाने तथा अनुपालन कराने की तैयारी की है. इसे लेकर उच्चाधिकारियों के बीच विचार-विमर्श चल रहा है. साथ ही 31 अगस्त तक लॉकडाउन लागू करने के मसले पर राज्य के विभिन्न जिलों से प्राप्त फीडबैक की भी समीक्षा की जा रही है. जानकारी सूत्रों की मानें, तो अभी भी धार्मिक स्थलों को खोलने की अनुमति नहीं होगी. साथ ही बसों के परिचालन पर भी पाबंदी रहेगी. हालांकि सरकार राज्य की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए चालू उद्योग धंधों पर ब्रेक लगाने नहीं जा रही है. पहले से धार्मिक स्थल बंद थे, आगे भी रहेंगे. बसों का परिचालन भी नहीं होगा. दूसरे राज्यों से आने वालों के लिए मूवमेंट पास लेना होगा और उनके लिए 14 दिनों का होम क्वारंटाइन अनिवार्य रहेगा. नाई की दुकान, ब्यूटी पार्लर बंद रहेंगे. उम्मीद है कि सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराने के आदेश के साथ मॉल को खोलने की अनुमति मिल जाये.








