
लोहरदगा : लोहरदगा के जोबांग थाना क्षेत्र के सिरम गांव के जंगल के पास शनिवार को सुरक्षा बलों और टीपीसी उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. दोनों ओर से हुई गोलीबारी में सुरक्षा बलों को भारी पड़ता देख टीपीसी उग्रवादी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. मुठभेड़ के बाद चलाए गये सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों के शिविर को ध्वस्त कर दिया. सुरक्षा बल ने मौके से खाद्य सामग्री, कमबल सहित कई अन्य सामान बरामद किया. उग्रवादियों की धरपकड़ के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है.

सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़
मिली जानकारी के अनुसार राज्य में बढ़ी नक्सल गतिविधि को लेकर झारखंड जगुआर, लोहरदगा और लातेहार पुलिस के द्वारा लोहरदगा और लातेहार जिला के सीमावर्ती इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान लोहरदगा जिले के जोबांग थाना क्षेत्र के सिरम गांव के जंगल के पास टीपीसी उग्रवादियों ने सुरक्षाबलों को देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलीबारी शुरू की. सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख टीपीसी उग्रवादी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
झारखंड में बढ़ी है नक्सली संगठनों की सक्रियता
झारखंड में नक्सलियों के खात्मे के लिए सुरक्षाबलों के द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है,लेकिन इसके बावजूद झारखंड में सक्रिय अलग अलग नक्सली संगठन सुरक्षाबलों के लिए चुनौती बने हुए हैं.
पिछले एक महीने की बात करें तो झारखंड में हर दूसरे दिन नक्सली औसतन एक घटना को अंजाम दे रहे हैं. हाल के दिनों में नक्सली संगठनों द्वारा विकास कार्य में लगे वाहनों में आगजनी, विस्फोट सहित कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है.








