जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के स्थायी समाधान तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आज मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात की. इस दौरान मेयर ने मानगो की प्रमुख समस्याओं एवं जनहित से जुड़ी आवश्यकताओं को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा विभिन्न मांगों एवं प्रस्तावों से संबंधित मांगपत्र उपायुक्त को सौंपा. मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी और शहरीकरण को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना समय की आवश्यकता है. उन्होंने पेयजल, सड़क, नाली, जलजमाव, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया. इस अवसर पर यातायात एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों तथा आम नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास पर भी चर्चा हुई. (नीचे भी पढ़ें)
मेयर सुधा गुप्ता ने क्षेत्र में नई विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, लंबित योजनाओं को गति देने तथा जनहित की आवश्यक परियोजनाओं के लिए प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया. उपायुक्त ने मेयर द्वारा उठाए गए विभिन्न जनहित के मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई एवं विभागीय समन्वय का आश्वासन दिया. मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि “मानगो की जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है. जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ मानगो को एक व्यवस्थित, स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित शहर के रूप में आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को जिला प्रशासन के समक्ष लगातार रखा जाएगा और योजनाओं के क्रियान्वयन की दिशा में आवश्यक पहल जारी रहेगी.







