जमशेदपुर : जमशेदपुर जिला में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे अवैध एवं अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया गया. एसडीएम धालभूम के नेतृत्व में डीटीओ, डीएसपी ट्रैफिक, एमवीआई, सड़क सुरक्षा टीम एवं पुलिस बल की मौजूदगी में डिमना चौक से बड़ाबांकी तक अभियान संचालित किया गया. इस अभियान के दौरान सड़क किनारे नो पार्किंग क्षेत्र में एवं अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई. इस क्रम में कुल 72 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 3 लाख 90 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य क्षेत्रों में अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमित रूप से अभियान चलाएं. सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. ऐसे में वाहन चालक निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें.







