
रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : मनोहरपुर सब्जी मंडी में बाहर से आने वाले खासकर किरीबुरु के सब्जी वाहनों को प्रवेश नहीं होने दिया जायेगा. इसे लेकर बुधवार को मनोहरपुर के सब्जी विक्रेताओं ने गोलबंद होकर मनोहरपुर थाना प्रभारी प्रदीप मिंज से इस मुद्दे पर संज्ञान लेकर उचित कारवाई करने की गुहार लगायी है. इस मुद्दे को लेकर स्थानीय किसान व सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि कोरोना महामारी लाकडाउन के चलते तीन माह से उनकी सब्जियों की बिक्री अन्य शहरों में नहीं हो रही थी. इससे स्थानीय किसान समेत सब्जी विक्रेताओ की आर्थिक स्थिति चरमरा गई है. इधर हाल में लाकडाउन के दौरान ढील मिलने पर स्थानीय किसान व सब्जी विक्रेताओं में एक आशा की किरण जगी थी और दोबारा किसान व सब्ज़ी विक्रेताओं ने भी अपनी सब्जियों की बिक्री के लिए अन्य शहरों के अलावा किरीबुरु में भी भेजना शुरू किया ही था, लेकिन इस पर पानी फेर दिया गया. वहीं सब्जी विक्रेताओं का कहना है वि सब्जी से लदे उनके वाहनो को किरीबुरु जाने के पूर्व सीआरपीएफ के द्वारा सेडल नाका पर रोक दिया जाता है. यदि किसी तरह वहां से किरीबुरु पहुंच भी गये, तो उन्हें किरीबुरु पुलिस का कोपभाजन होना पड़ता है. ऐसे में मनोहरपुर के सभी सब्जी विक्रेताओं के समक्ष भूखों मरने की नौबत आ गई है. वहीं इसके प्रतिवाद में मनोहरपुर के स्थानीय किसान व सब्जी विक्रेताओं ने भी अपने हक के लिए आर-पार लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है. इस दौरान बुधवार को मनोहरपुर सब्जी मंडी में सब्जी लेने आये किरीबुरु सब्जी क्रेताओं के सब्जी लदे वाहनों को रोकने के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. साथ ही कल से दोबारा मनोहरपुर में वाहनों को प्रवेश नहीं करने की चेतावनी दी गईं. वहीं रोजी-रोटी से जुड़े गंभीर मुद्दे पर किसानों व सब्जी विक्रेताओं को आजसू नेता संतोष महतो ने भरोसा दिलाते हुए हरसंभव मदद करने की बात कही है. इस दौरान काफी संख्या में स्थानीय किसान समेत सब्जी विक्रेता उपस्थित थे.






