भुवनेश्वर: ओडिशा के कालाहांडी जिले में मंगलवार को सेप्टिक टैंक के निर्माण के दौरान उसके अंदर गए कम से कम 6 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई. मृतकों में तीन राजमिस्त्री, एक मजदूर, सेप्टिक टैंक का निर्माण करा रहे बिल्डर और उनका बेटा शामिल है. मृतकों की पहचान निमाई पाल (48) और उनके बेटे आकाश पाल (28), अदल माझी (55), मनोरंजन हाती (27), छंदा जल (32) और बिपुल जल (30) के रूप में की गई. पंकज यानी (32) का अस्पताल में इलाज हो रहा हैं.मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. (नीचे भी पढ़े)
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, कालाहांडी जिले के मदनपुर-रामपुर में एक निर्माण स्थल पर हुए दुखद हादसे की जानकारी मिली. इस घटना में छह लोगों की जान चली गई. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. कालाहांडी के जिलाधिकारी सचिन पावर ने बताया कि जिला प्रशासन ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए 30-30 हजार रुपये जारी कर दिए हैं. (नीचे भी पढ़े)
पुलिस ने बताया कि इस घटना में हुई लोगों की मौत के वास्तविक कारणों की जांच जारी है. घटना उस वक्त हुई जब उन्होंने निर्माण कार्य से संबंधित काम के लिए सेप्टिक टैंक का एक हिस्सा खोला और बिल्डर दुर्घटनावश उसके अंदर गिर गया. उन्होंने बताया कि उन्हें बचाने के लिए अन्य लोग टैंक के अंदर घुसे. दम घुटने से लोगों को मौत होने की आंशका है.







