
जमशेदपुर : भारतीय युवा कांग्रेस के 60वें स्थापना दिवस पर रविवार को झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया के माध्यम से ‘‘रोजगार दो‘‘ का नारा बुलंद किया। स्थापना दिवस पर कोई जश्न मनाने के बजाय युवा कांग्रेस ने देश के करोड़ो बेरोजगार युवाओं की लड़ाई लड़ने की शपथ ली। इस संबंध में झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव राकेश साहू ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा है कि हर साल 2 करोड़ नौकरियों का वादा करने वाली मोदी सरकार ने 6 साल में 12 करोड़ नौकरियां छीन ली। देश के युवाओं की एक ही मांग हैं-‘‘रोजगार दो‘‘। पार्टी के राष्ट्रीय नेता सह सांसद राहुल गांधी, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी और प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव के निर्देश पर ये लड़ाई राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर देश के अंतिम गांव एवं ब्लाक तक ‘‘रोजगार दो‘‘ की लड़ाई युवा कांग्रेस लड़ने तैयार हैं, ताकि बढ़ती बेरोजगारी से बेखबर केंद्र सरकार को जगाया जा सके। युवा कांग्रेस नेता राकेश साहू ने कहा कि ‘पहले नोटबंदी, फिर जीएसटी को गलत तरीके से लागू किया और बिना सोचे लॉकडाउन जैसे फैसलों से मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद कर दी। उन्होंने कहा है कि मोदी सरकार की अक्षमता से करोड़ों युवा बेरोजगार हैं।






