
हुसैनाबाद : पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड अंतर्गत देवरी ओपी थाना क्षेत्र के कुसुआ गांव में अपनी पत्नी की हत्या कर पति फरार हो गया. इस बाबत बिहार राज्य के नबीनगर गांव निवासी शंभू राम ने देवरी ओपी में मामला दर्ज कराया है. इसमें अपने दामाद रविशंकर राम को आरोपित बनाया है. कहा है कि वह बिहार राज्य के नबीनगर गांव निवासी हैं. वे अपनी क्षमता के मुताबिक दहेज देकर देवरी के कुसुआ गांव निवासी रविशंकर राम उर्फ गुड्डू राम के साथ अपनी बेटी नीरा की शादी की थी. यह शादी वर्ष 2013 में हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई थी. शादी के बाद कई साल तक दोनों का संबंध ठीक रहा. इस बीच उनकी पुत्री ने दो संतान का जन्म दिया. बाद में रविशंकर अपनी पत्नी नीरा को दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. उनकी पुत्री ने इसकी कई बार सूचना दी. इधर सोमवार की देर शाम रविशंकर ने अपनी पत्नी नीरा की हत्याकर फरार हो गया है. इधर, मृतका के ससुराल वालों ने बताया कि घर में अकेला पाकर नीरा ने खुद को फांसी लगा ली है. घटना की सूचना मिलते ही देवरी ओपी पुलिस स्थल पर पहुंची. शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया.






