
पलामू : स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के गाइडलाइन का सख्ती से अनुपालन को लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार साह ने रविवार को मेदिनीनगर शहर के विभिन्न स्थानों व पांकी बाजार का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने शहर क्षेत्र के पांकी रोड, रेडमा तथा पांकी बाजार में वाहनों का परिचालन एवं लोगों की आवाजाही का खुद मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत जारी सरकारी गाइडलाइन का तो अनुपालन हो रहा है, लेकिन इस दौरान कई लोग बिना ई-पास के सफर करते पाए गए। ऐसे लोगों को सदर एसडीओ व पुलिस ने कड़ी फटकार लगाई। साथ ही उन्हें वापस लौटाया, वहीं उन्हें ई-पास के साथ ही परिचालन करने की चेतावनी दी। जांच के दौरान लोग दवा, सब्जी लेने जाने आदि का बहाना बना रहे थे। साथ ही अगली बार ऐसी गलती नहीं करने संबंधी माफी भी मांग रहे थे। रविवार को स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत ई-पास के प्रावधान लागू होने के पहले दिन होने के कारण सदर एसडीओ ने लोगों पर रहम की और अगली बार गलती नहीं दुहराने की चेतावनी दी। हालांकि सदर एसडीओ ने पाया कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट लगाये हुए थे, मास्क भी पहने हुए हैं। कई लोग तो सेनिटाइजर भी साथ लिए थे।
बिना ई-पास चलने वालों को एसडीओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि पहला दिन होने के कारण उन्हें आज छोड़ दिया जा रहा है, लेकिन कल से इस नियम को पूरी सख्ती से लागू किया जाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत सभी को ई-पास के नियम का पालन करना होगा। उन्होंने सभी लोगों से अपील भी की कि वे स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के गाइडलाइन का अनुपालन करें ताकि कोविड-19 संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेवारी है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की चेन को तोड़ने के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के गाइडलाइन का अनुपालन अति आवश्यक है। उन्होंने लोगों से मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग रखने तथा हाथों को सेनिटाइजर से सेनिटाइज करने या साबुन व पानी से हाथों की सफाई करते रहने आदि की अपील करते हुए आम लोगों को जागरूक किया।



