नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इसे राज्य के लिए नये युग की शुरुआत बताया. उन्बोंने कहा कि यह जनादेश सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि भयमुक्त और विकास-आधारित बंगाल की ओर बढ़ता निर्णायक कदम बताया है. प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों का जिक्र करते हुए कहा कि आज बंगाल की जनता ने उस सपने को साकार करने का अवसर भाजपा को दिया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल अब एक नई यात्रा की शुरुआत कर रहा है, जहां विकास, भरोसा और नई उम्मीदें साथ-साथ आगे बढ़ेंगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए भाजपा पूरी ताकत से काम करेगी. पीएम ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे और पलायन पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि पहली कैबिनेट में ही आयुष्मान भारत योजना लागू करने का फैसला लिया जाएगा और घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा-एनडीए की सरकारें हैं. हमारा मंत्र है ‘नागरिक देवो भव’. हम जनता की सेवा में जुटे हुए हैं और इसलिए जनता भाजपा पर ज्यादा से ज्यादा भरोसा कर रही है. जनता साफ देख रही है कि जहां भाजपा वहां गुड गवर्नेंस, जहां भाजपा वहां विकास.’ प्रधानमंत्री ने कहा कि जय पराजय, लोकतंत्र और चुनावी राजनीति का स्वाभाविक हिस्सा हैं.लेकिन पांचों प्रदेशों की जनता ने पूरे विश्व को दिखाया है कि ये हमारा भारत, मदर ऑफ डेमोक्रेसी क्यों है, लोकतंत्र डेमोक्रेसी हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं है, (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि ये हमारी नसों में दौड़ता हुआ संस्कार है. और आज सिर्फ भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है, आज भारत का संविधान भी जीता है. हमारी संवैधानिक संस्थाएं जीती हैं, हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में करीब 93 फीसदी मतदान होना अपने आप में ऐतिहासिक रहा है. असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरलम में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने हैं. इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है. ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बन रही है.’ यहां भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर उनरा अभिवादन किया जहां पूरे परिसर में उत्साह और नारों की गूंज सुनाई दी. उनके साथ पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन भी मंच पर मौजूद रहे.







