चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी. पुलिस ने विशेष जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध वाहन से चार गायों को बरामद किया, हालांकि गाड़ी का चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमारगोड़ा चौक पर तड़के करीब 5 बजे ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सघन वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान एक सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी तेज रफ्तार में चेकिंग प्वाइंट पार कर भागने लगी. वाहन के संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए पुलिस ने तुरत उसका पीछा किया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए वाहन को डैमडुब्बी इलाके तक ट्रैक किया. दबाव बढ़ता देख चालक गाड़ी को सड़क किनारे छोड़ कर फरार हो गया. इसके बाद पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें चार अस्वस्थ गायें बरामद हुईं. प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गायों को अवैध तरीके से कहीं ले जाया जा रहा था. बरामद पशुओं को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है. जबकि पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक व चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है. साथ ही, फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापामारी तेज कर दी गई है. यह भी जांच की जा रही है कि इस घटना के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है.







