
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना अंतर्गत हुड़ागंदा गांव में लगातार दूसरे दिन दिल दहलाने वाली घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. आपको बता दें जहां बीते सोमवार की रात्रि एक महिला ने अपने पति से फोन पर विवाद के बाद शरीर पर किरासन तेल छिड़ककर आग लगाकर अपनी जान दे दी थी, वहीं दूसरे दिन मंगलवार की रात्रि भी एक 3 वर्ष की बच्ची की बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गांव के अंकुर गोडसोरा और मनीषा गोडसरा कि 3 वर्षीय पुत्री मंजू गोडसोरा घर में खेल रही थी. इसी दौरान जमीन पर रखे चालू विद्युत के उपकरण की चपेट में आने और शॉर्ट सर्किट से उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों द्वारा मृत पुत्री का दाह संस्कार कर दिया गया. जिसकी सूचना सरायकेला थाने को भी नहीं दी गई. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय मुखिया संजय होनहागा द्वारा सरायकेला थाने को मामले की जानकारी दी गई. जिसके बाद मौके पर सरायकेला पुलिस ने पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.







