
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने अपने विधानसभा क्षेत्र जमशेदपुर पूर्वी की जनता के विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एक ऑनलाइन जनशिकायत केन्द्र/पोर्टल की शुरूआत की है. शिकायत केन्द्र की शुरूआत करते हुए विधायक श्री राय ने जानकारी देते हुए बताया कि बेवसाइट www.officesaryuroy.org पर लॉगइन करके जमशेदपुर पूर्वी की जनता इसपर अपनी शिकायतों को घर बैठे दर्ज करा सकते हैं. उनकी शिकायतों का समाधान उनके कार्यालय के माध्यम से संबंधित विभाग से संपर्क कर किया जाएगा. टॉल फ्री नंबर 18001212395 पर सोमवार से शनिवार के बीच सुबह 10 बजे से संध्या 5 बजे तक कॉल करके तथा 8877537777 पर कभी भी व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से शिकायत दर्ज किया जा सकता है. शिकायत दर्ज हो जाने पर शिकायतकर्ता को एक कम्प्लेंट नंबर दिया जाएगा. इस कम्प्लेंट नंबर से शिकायकर्ता कभी भी अपनी शिकायत की स्थिति को जान सकता है. श्री राय ने बताया कि कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने की स्थिति में लोगों को घर से बाहर निकालना न पड़े और उनकी समस्याओं का समाधान भी हो जाये इसमें यह पोर्टल काफी कारगार होगा. इसके माध्यम से लोग बिजली, पानी, सफाई, कानून व्यवस्था आदि जनशिकायतों का समाधान के लिए घर बैठ शिकायत दर्ज करा सकते हैं.







