सरायकेला : कांड्रा और आसपास के क्षेत्र में रात से ही विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है. बिजली सप्लाई बाधित होने के कारण पूरे क्षेत्र में बिजली और पानी के लिए हाहाकार मच गया है. लोगों को पूरे दिन शुद्ध पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है. विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बाधित होने के पीछे वजह जानने के लिए जब कनीय अभियंता से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि चोरों द्वारा ग्रिड में कुछ केबल की चोरी कर लिये जाने के कारण आपूर्ति ठप हो गयी है. उन्होंने बताया कि केबल बदलने का कार्य जारी है और जल्द ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से चालू कर दी जाएगी.(नीचे भी पढ़ें)
इस बीच जिन घरों में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर इन्वर्टर लगे थे उनकी बैटरी ने भी दम तोड़ दिया है और पूरा क्षेत्र ब्लैकआउट हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले से ही कांड्रा और आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की लचर व्यवस्था चली आ रही है. दिन में 8 से 10 घंटे तक बिजली के दर्शन नहीं होते हैं. अनियमित विद्युत आपूर्ति का खामियाजा उन्हें भी भुगतना पड़ता है जो शुद्ध पेयजल के लिए पूरी तरह भूमिगत जल पर निर्भर हैं. स्थानीय लोगों ने कई बार अनियमित बिजली आपूर्ति की शिकायत कनीय अभियंता से लेकर वरीय महाप्रबंधक तक की, लेकिन कहीं से कोई सकारात्मक परिणाम नहीं आया. इसको लेकर लोगों में तीव्र आक्रोश व्याप्त है.




