
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत बाबा कुटी में शुक्रवार देर शाम बंतानगर के सैकड़ों शरारती तत्वों ने हरवे हथियार के साथ महंथ जयप्रकाश नारायण तिवारी के घर पर हमला कर दिया. जिसमें बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय युवक नरेंद्र कुमार शाही पर ही शरारती तत्वों ने हमला कर दिया, जिसमें उन्हें गम्भीर चोटें आईं हैं. उधर स्थानीय लोगों ने शाही को ईलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. उधर पुलिस के पहुंचते ही शरारती तत्व अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे. वहीं पुलिस ने शरारती तत्वों को छोड़ स्थानीय लोगों को ही खदेड़ना शुरू कर दिया, जबकि शरारती तत्व गुटों में बंटकर अलग- अलग छुप गए. इसको लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है.

क्या है पूरा मामला
स्थानीय सूत्रों की अगर मानें तो यह कोई पहला मौका नहीं है जब बंतानगर के शरारती तत्वों द्वारा बाबा कुटी पर इस तरह से हमला किया गया है. इससे पूर्व भी इसी तरह शरारती तत्व किसी न किसी घर को टारगेट कर हमला करते रहे हैं. आज के घटना के संबंध में बताया जा रहा है, कि कुछ अपराधी प्रवृत्ति के युवक अचानक सैकड़ों की संख्या में बंतानगर वासियों को लेकर महंथ के घर पर हमला कर दिया. सभी महंत के बड़े पुत्र देवानंद तिवारी को ढूंढ रहे थे और घर पर गाली- गलौज के साथ महिलाओं के साथ अश्लीलता से पेश आ रहे हैं. बस्तवासियों का आक्रोश इस कदर भड़का हुआ था कि बीच-बचाव करने की हिमाकत स्थानीय लोग नहीं उठा पा रहे थे. इन सबके बीच एक स्थानीय युवक नरेंद्र कुमार शाही ने हिम्मत जुटाई और युवकों से ऐसा ना करने की अपील की. जिस पर आक्रोशित बस्ती वासियों ने नरेंद्र कुमार शाही पर ही हमला कर दिया. इस दौरान अपराधी प्रवृत्ति के लोगों ने शाही के गले का चेन और पॉकेट में रखे पैसे भी लूटने का प्रयास किया. जब तक शाही कुछ समझ पाते तब तक अपराधियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया. जिससे उनके सर में और चेहरे पर गंभीर चोटें आयी हैं. बताया जाता है कि उनके सर में 5 टांके लगे हैं. उधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस बस्ती वासियों को पकड़ने के बजाय उन्हें खदेड़ने में जुट गई. जबकि अपराधी अंधेरे का लाभ उठाकर बाबा कुटी के ही गलियों में छिप गए. स्थानीय लोग बताते हैं कि पूरे प्रकरण में आरआईटी पुलिस का बर्ताव बेहद ही गैर जिम्मेदाराना रहा. जहां पुलिस हथियार सहित पहुंचे उपद्रवी लोगों को पकड़ने के बजाय उन्हें खदेड़ने में जुटी रही, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे बस्ती वासियों कोही पुलिस पकड़ कर जबरन पीसीआर वैन में बिठाने लगी. जिससे कॉलोनीवासी आक्रोशित हो उठे. गौरतलब है कि इससे पूर्व भी बाबा कुटी के कई घरों को किसी न किसी बात का बहाना बनाकर बन्तानगर के शरारती तत्व बस्तवासियों को गुमराह कर हरवे हथियार के साथ निशाना बनाते रहे हैं. वैसे सूत्र बताते हैं कि इसके पीछे कोई गहरी साजिश है. स्थानीय लोगों की अगर मने तो महंथ के जिस पुत्र पर छेड़खानी का आरोप लगाकर हमला करने बस्ती वासी पहुंचे थे, उस पर कभी भी ऐसे आरोप नहीं लगे हैं. इसे पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है. फिलहाल बाबा कुटी में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है. वैसे स्थानीय सूत्र बताते हैं कि बंतानगर में बड़े पैमाने पर अवैध शराब गांजा और जुआ का कारोबार चलता है, और जो अपराधी इस घटना में शामिल थे वही अवैध शराब और जुए के अड्डों का संचालन करते हैं. फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है.





