
चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा मामला चांडिल रेंज के कुकड़ू गांव का है, जहां हाथी के हमले में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान मुनी राम गोराई (50) के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है. जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के समीप एक शव पड़ा देखा. इसकी सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. बाद में वन विभाग और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई. सूचना पाकर वन विभाग की टीम और पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. ग्रामीणों ने बताया कि मुनी राम गोराई रविवार शाम गांव से ब्लॉक परिसर की ओर गए थे, जहां रोजाना ग्रामीण बैठकी के लिए जुटते हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)
देर शाम घर लौटने के दौरान रास्ते में उनका सामना जंगली हाथियों से हो गया. बताया जा रहा है कि हाथियों ने उन पर हमला कर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार गांव के आसपास दो जंगली हाथी लगातार घूम रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है. हालात ऐसे हैं कि लोग शाम होते ही घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं. वन विभाग ने मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, समूह में चलने और हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अकेले नहीं जाने की अपील की है. लगातार हो रहे हाथी हमलों से चांडिल और आसपास के गांवों के लोग सहमे हुए हैं. ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए.





