
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला में गजराजों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. जहां आए दिन गजराज अपना आतंक जारी रखे हुए हैं. ताजा मामला ईचागढ़ थाना क्षेत्र का है जहां शनिवार अहले सुबह जंगली हाथियों के झुंड ने सालुकडीह के 24 वर्षीय लक्ष्मण महतो को कुचल डाला, जिससे लक्ष्मण महतो की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जाता है कि लक्ष्मण महतो सुबह शौच के लिए निकला था, इसी दौरान हाथियों के झुंड की चपेट में आ गया. आपको बता दें कि बीते 31 दिसंबर को भी जंगली हाथियों के झुंड ने कुकरू प्रखंड के कारकाडीह के जंगलों में एक महिला और एक बच्ची को कुचल दिया था जिसे महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी वहीं आज की घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और स्थानीय विधायक सविता महतो मौके पर पहुंच गई है. साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने का ऐलान भी किया है. अब सवाल यह उठता है कि आखिर आए दिन जंगली हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों के जान माल की रक्षा कैसे की जाए.








