
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पूर्णापानी आदिवासी उच्चविद्यालय परिसर में शुक्रवार को वित्तरहित विद्यालयों के शिक्षकों की एक बैठक सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक समीर महंती उपस्थित थे. शिक्षकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया. शिक्षकों ने वित्तरहित विद्यालयों की विभिन्न समस्यायों को उनके समक्ष रखा. वित्तरहित विद्यालयों के प्रति पिछली सरकार की नीतियों से नाखुश शिक्षकों ने नीतियों में बदलाव करने की गुहार लगाई. शिक्षकों ने कहा कि विगत तीन वर्षों से अनुदान की राशि नहीं मिलने से विधालय के संचालन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं उनके समक्ष भी भुखमरी कि स्थिति उत्पन्न हो गयी है. शिक्षकों ने विधायक से सरकार से बात कर जल्द से जल्द राशि मुहैया कराने का आग्रह किया. विधायक श्री महंती ने उनकी समस्यायों का शीघ्र निदान करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि वह प्रयास करेंगे कि जल्द से जल्द वित्त रहित विधालयों को राशि मिल सके. बैठक में गौतम दास, अपू महतो, लखन मांडी, शिक्षक भवानी महतो, दिलीप चंद्र बधुक, सत्यव्रत घोष, सुलेखा मैती, अजय कुमार पाल, तपती दे, ललित महतो समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.








