जमशेदपुर: सरायकेला जिला के चांडिल थाना अंतर्गत चिलगू बाजार निवासी अकलू गोराई (37 वर्ष) की पानी में डूबने से मौत हो गई. घटना के संबंध में बताया जाता है कि अकलू अपने परिवार के साथ नहाने आया था. इस दौरान वह अपने परिचित बबलू के साथ पिकअप गाड़ी धो रहा था. घटना के अनुसार, अकलू गोराई अपने दोस्त के पिकअप वैन में बैठा और गाड़ी को पीछे करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान अनियंत्रित होकर पिकअप वैन धीरे-धीरे पीछे बढ़ता हुआ नदी में चला गया. जब तक लोग मदद के लिए पहुंचते, तब तक अकलू गाड़ी सहित नदी में डूब गया. परिजनों में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तत्काल नदी में कूदकर उसे बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन उनका प्रयास असफल रहा. (नीचे भी पढे)

अकलू की पत्नी मीणा गोराई ने बताया कि उनके पांच छोटे बच्चे हैं और अकलू ट्रैक्टर चालक था और परिवार का मुख्य कमाऊ था. इस घटना से पूरे परिवार पर गहरा सदमा पहुंचा है. घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अकलू को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया. पुलिस ने निकाल कर एमजीएम अस्पताल में भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया, पुलिस मामले की जांच में जुटी है. प्रारंभिक तौर पर यह माना जा रहा है कि हादसे के पीछे अकलू की असावधानी और ध्यान न देने का कारण था. पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी एकत्रित कर घटना के सही कारण का पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है. चिलगू बाजार और आसपास के इलाके में इस घटना को लेकर शोक की लहर है. मृतक के परिजनों को प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.














