कांड्रा: आगामी बकरीद को लेकर गुरुवार को कांड्रा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने की. थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने कहा कि पर्व चाहे जिस समुदाय का हो शांति और भाईचारे के साथ हर्षोल्लास के वातावरण में मनाना चाहिए. सभी लोगों के सहयोग से ही शांति कायम रखने का प्रयास होता है. कोई ऐसा कार्य नहीं होना चाहिए, जिससे किसी समुदाय की भावना को ठेस पहुंचे. क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से बकरीद का त्योहार मनाने की अपील की.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. आपत्तिजनक पोस्ट करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी. विधि व्यवस्था में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न ना हो इसके लिए सभी समुदाय के गणमान्य व्यक्तियों का सहयोग जरूरी है. बैठक में एसआई राम दयाल उरांव, एसआई शिवजी सिंह, एएसआई राम दयाल लोहरा, एएसआई दीप नारायण सिंह, झामुमो केन्द्रीय सदस्य सुधीर महतो, अहमद हसन, होनी सिंह मुंडा, झामुमो प्रखण्ड उपाध्यक्ष राम महतो, प्रकाश कुमार (राजू) लालबाबू महतो, संजय महंती, शेखर दत्ता, राम दास आदि उपस्थित थे.














