
सरायकेला : केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने को लेकर सरायकेला जिला प्रशासन ने कई जरूरी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. इसको लेकर आज जिले के उपायुक्त ए दोड्डे ने दोनों अनुमंडल के एसडीओ, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और एमओ के साथ अहम बैठक की. जिसमें उपायुक्त ने बिना राशन कार्ड वाले गरीब तथा बाहर के प्रदेशों से जिले में आने वाले दिहाड़ी मजदूरों को दस- दस किलो चावल हर हाल में पहुंचाने का निर्देश दिया. उन्होंने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए कहा कि हर हाल में दो तीन दिनों के भीतर सभी गरीबों को दस किलो चावल मिल जाना चाहिए. उन्होंने सभी मुखिया को दिये गये आकस्मिक फंड की राशि को भी चावल खरीद के लिए प्रयोग में लाने का फरमान जारी कर दिया है. साथ ही निर्देश दिया है कि किसी भी परिस्थिति में लोगों का भूख मिटाया जाए. वहीं उन्होंने कहा है कि सभी जरूरतमंदों को दस किलो चावल प्रशासन नि:शुल्क उपलब्ध कराएगी.

कोरोना वैश्विक महामारी घोषित किए जाने के बाद पीएम मोदी के निर्देश पर केंद्र और राज्य सरकार अलर्ट मोड पर है. वहीं पीएम मोदी के कल के फैसले के बाद अगले 21 दिन देश के लिए बेहद अहम होनेवाला है. इधर झारखंड सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किया है कि अगले 21 दिनों तक राज्य में भूख से एक भी मौत नहीं होनी चाहिए. वहीं इसको लेकर जहां जिले के उपायुक्त ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को इसे सुनिश्चित करने को लेकर अहम बैठक की वहीं सरायकेला के गम्हरिया प्रखंड कार्यालय में मुख्यमंत्री कैंटीन योजना का आज से ही बीडीओ द्वारा शुरू करने फैसला लिया गया और इसे शुरू भी कर दिया गया है. वहीं बीडीओ ठाकुर गौरी शंकर ने ऐलान किया है कि अगर किसी के पास पांच रुपए भी नहीं होगा तो उनका बिल वे अपने पॉकेट मनी से देंगे. वहीं बीडीओ ने आम लोगों से इस वैश्विक महामारी से डरने नहीं लड़ने की अपील की है.








