सरायकेला: सरायकेला में 27 जून से शुरू हो रहे रथयात्रा को लेकर शुक्रवार को अनुमंडल स्तरीय बैठक अनुमंडल पदाधिकारी निवेदिता नियति की अध्यक्षता में की गई. इस बैठक में रथ यात्रा सह रथ मेला में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई निर्णय लिए गए. रथयात्रा मेला के सफल आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.बताया गया कि 26 जून को नेत्र उत्सव, 27 को रथयात्रा,28 जून को भगवान जगन्नाथ बडे़ भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा के साथ मौसीबाड़ी पहुंचेंगे. 28 जून से ही मेला का शुभारंभ होगा. मेला के आयोजन, विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती, वालंटियर्स आदि को लेकर चर्चा की गयी. इस बार महाप्रभु का नया रथ होने के कारण भीड़ अधिक होने की संभावना है. इस बार रथ मेला 4 दिन अधिक रहेगा. बैठक में सरायकेला, खरसावां, कुचाई, सीनी एवं आदित्यपुर में भी रथ यात्रा की तैयारी को लेकर विचार- विमर्श किया गया. (नीचे भी पढे)
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने रथ यात्रा को लेकर सड़क,नाली एवं विद्युत व्यवस्था को 23 जून तक पूरा कर लेने का निर्देश दिया. वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैंया ने बताया कि पुलिस प्रशासन की ओर से मेला में महिला एवं पुरुष बल की तैनाती की जाएगी. उन्होंने सभी थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी न होने पाए. एसडीपीओ ने सरायकेला अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी को मेला में असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया. बैठक में जिला परिषद के अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, विधायक प्रतिनिधि सनद आचार्य, श्री जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष राजा सिंहदेव, मेला समिति के अध्यक्ष मनोज चौधरी, मेला समिति के सचिव छोटेलाल साहू, रूपेश साहू, चित्रा पटनायक, भोला महंती, लिपु महंती के अलावा अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी मौजूद थे.














