रांची : राज्य सरकार ने अंगीभूत महाविद्यालयों (डिग्री कॉलेजों) में इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद करने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही राज्य के अंगीभूत महाविद्यालयों में सत्र 2024-26 के अध्ययनरत 12वीं कक्षा के छात्रों का भी राज्य के सरकारी/उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालयों/ झारखंड इंटरमीडिएट महाविद्यालय स्थापना अनुमति प्राप्त अथवा प्रस्वीकृति प्राप्त महाविद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया है. सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए उसकी प्रति सभी संबंधित सरकारी स्कूलों व इंटरमीडिएट कॉलेजों को प्रेषित कर दी गई है. संबंधित जिलों के उपायुक्तों को भी इस संदर्भ में आवश्यक समीक्षा करते हुए इसका अनुश्रवण सुनिश्चित कराने को कहा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि झारखंड हाई कोर्ट ने विगत 17 जनवरी, 2025 को इंटरमीडिएट शिक्षा से संबंधित विभिन्न याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अंतरिम आदेश जारी किया था, जिसमें अंगीभूत महाविद्यालयों में नामांकित इंटरमीडिएट (सत्र 2024-26) के छात्रों के रजिस्ट्रेशन के लिए व्यवस्था देते हुए झारखंड इंटरमीडिएट कौंसिल को उनका स्वतंत्र अभ्यर्थी/विद्यार्थी के रूप में रजिस्ट्रेशन करने का निर्देश दिया था, ताकि वे आगामी परीक्षा में शामिल हो सकें. कोर्ट ने इसके साथ ही झारखंड एके़डमिक कौंसिल को रजिस्ट्रेशन की तिथि एक सप्ताह के लिए बढ़ाने का निर्देश भी दिया था. (नीचे भी पढ़ें)
राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के उक्त आदेश के आलोक में राज्य के सभी अंगीभूत महाविद्यालयों में इंटरमीडिएट शिक्षा की व्यवस्था समाप्त करते हुए वहां नामांकित सत्र 2024-25 के नामांकित सभी विद्यार्थियों का संबंधित महाविद्यालयों के निकटतम 5 किलोमीटर की परिधि में अवस्थित सरकारी/ उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालयों, झारखंड इंटरमीडिएट महाविद्यालय स्थापना अनुमति प्राप्त अथवा प्रस्वीकृति प्राप्त महाविद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही इसके लिए सभी जिलों को अपने क्षेत्र के अंगीभूत महाविद्यालयों से समन्वय स्थापित कर ऐसे सभी विद्यार्थियों का शत प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने को भी कहा है. (नीचे भी पढ़ें)
राज्य सरकार ने इसके अतिरिक्त वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दसवीं कक्षा उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों का नामांकन भी राज्य के सरकारी/उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालयों, झारखंड इंटरमीडिएट महाविद्यालय स्थापना अनुमति प्राप्त अथवा प्रस्वीकृति प्राप्त महाविद्यालयों में कराना सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है. इस संबंध में कोई कठिनाई उत्पन्न होने पर झारखंड अधिविद्य परिषद्, रांची से संपर्क करते हुए इसके निराकरण के लिए समयबद्ध कार्रवाई करने को भी कहा गया है. जिला स्तर पर सभी उपायुक्तों को इस संदर्भ में आवश्यक समीक्षा करते हुए इसका अनुश्रवण सुनिश्चित कराने को भी कहा गया है.














