
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां पुलिस के लिए पिछले साल 7 अक्टूबर को आरआईटी थाना अंतर्गत एमआईजी- 79 में हुए जिले के सबसे बड़े चोरी का खुलासा यक्ष प्रश्न बनकर रह गया है. जहां जिले के तीन- तीन आईपीएस भी इस सबसे बड़े चोरी के मामले का खुलासा करने में नाकाम साबित हुए हैं. इसे वैसे तत्कालीन एसपी कार्तिक एस के कार्यकाल में इस चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था. उसके बाद नए एसपी मोहम्मद अर्शी और उनके सहयोगी के रूप में वर्तमान एसडीपीओ राकेश रंजन भी आईपीएस अधिकारी हैं. हालांकि उस वक्त के एसडीपीओ अविनाश कुमार ने पीडित परिवार को जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का भरोसा दिलाया था. उस वक्त आरआईटी थाना के प्रभारी के रूप में अंजनी कुमार पदस्थापित थे. गौरतलब है कि बीते साल 7 अत्टूबर को दुर्गा पूजा के मौके पर एमआईजी 79 के सभी सदस्य प्रतिमा दर्शन करने निकले थे. एक घंटे बाद लौटने पर घर के मेन गेट का ताला टूटा पाया. अंदर प्रवेश करने पर सभी लॉकरों के ताले टूटे मिले. जहां चोरो ने लगभग आठ लाख के गहनों के अलावा एक लाख 15 हजार रूपए नगदी पर हाथ साफ कर पूरे परिवार को कंगाल बना दिया था. बताया जाता है, कि गहने परिवार के बड़े बेटे अरूण कुमार सिन्हा की बेटी की शादी के लिए बनाकर रखे गए थे, जिसके बाद पूरे परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा. वैसे परिवार के अन्य सदस्यों के सहयोग से अरूण कुमार सिन्हा की बड़ी बेटी सोनल का विवाह संपन्न हो गया, लेकिन सरायकेला- खरसावां पुलिस आज तक केस नंबर 123/ 19 के मामले मे लकीर ही पीट रही है. हालांकि हाल के दिनों में सरायकेला- खरसावां पुलिस ने बड़े- बड़े मामलो का खुलासा किया है, और कई वांटेड अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा है.








