सरायकेला : सरायकेला बस स्टैंड स्थित भगवती ज्वेलर्स में मंगलवार को चोरी की कोशिश का मामला सामने आया. जानकारी के अनुसार, ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे दो युवकों ने मौका पाकर करीब 20 हजार रुपये मूल्य के आभूषण लेकर फरार होने का प्रयास किया. हालांकि दुकानदार की सतर्कता और स्थानीय लोगों की तत्परता से उनकी योजना विफल हो गयी. घटना के बाद दुकानदार और आसपास मौजूद लोगों ने दोनों आरोपियों का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें पकड़ लिया. इसके बाद दोनों को तत्काल सरायकेला थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के खड़गपुर निवासी बाबू अली और शेख सैयद अली के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए थे और आभूषण देखने के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की. (नीचे भी पढ़ें)
सरायकेला थाना पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा इससे पहले भी ऐसी घटनाओं में उनकी संलिप्तता रही है या नहीं. मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.







