सरायकेला : सरायकेला जिले के झामुमो युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भोगलू सोरेन उर्फ़ डब्बा सोरेन पर आदित्यपुर में आदिवासी श्मशान भूमि के सौंदर्यीकरण में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को सैकड़ो आदिवासी महिलाओं ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया. आदिवासी महिलाओं का आक्रोश इस कदर भड़का हुआ नजर आया कि सभी महिलाओं ने अपने हाथों में लाठी- डंडे और झाड़ू लेकर विरोध-प्रदर्शन किया. महिलाओं का आरोप है कि झामुमो नेता उनकी पारंपरिक श्मशान भूमि के सौंदर्यीकरण में बाधक बन रहे हैं और सरकार द्वारा पारित योजना में अड़ंगा लगा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

महिलाओं ने साफ कर दिया कि यदि झामुमो नेता अपनी हरकतों से बाज नहीं आते तो उनके खिलाफ जोरदार आंदोलन किया जाएगा. इस दौरान पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा और मामला थाना पहुंचा. महिलाओं ने थाने में भी जमकर हंगामा किया. इस दौरान थाने में दोनों पक्षों के बीच तू- तू में हुई. उधर खुद पर लगे आरोपों पर झामुमो युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष डब्बा सोरेन ने सिरे से खारिज किया और विरोधियों पर आदिवासी जमीन बेचने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जिस नक्शा के तहत निर्माण कार्य होना चाहिए उस तरह से काम नहीं हो रहा. निर्माण कार्य की आड़ में आदिवासी जमीनों को बेचने का धंधा किया जा रहा है. अब किसके आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह तो जांच के बाद ही पता चल सकेगा. फिलहाल श्मशान भूमि को लेकर आदिवासी समुदाय के दो खेमे आमने- सामने हैं. एक खेमा सत्ताधारी दल का तो दूसरा खेमा बीजेपी का है.




