- सीआरपीएफ 174 बटालियन विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के परिसर में लगाएगा 2400 पौधे
- देश भर 22 लाख व झारखंड में 1 लाख 90 हजार पौधे लगा रहा है सीआरपीएफ

चाईबासा : सारण्डा क्षेत्र में तैनात सीआरपीएफ 174 वाहिनी न केवल नक्सल विरोधी अभियान में अग्रिम कार्रवाई कर रही है, बल्कि पुलिस महानिरीक्षक (परिचालन) झारखंड व पुलिस उप महानिरीक्षक चाईबासा के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस को ध्यान में रखते हुए इस वाहिनी द्वारा वृक्षारोपण की शुरुआत पिछले 21जून से की गयी है। यह अभियान आगामी 20 जुलाई तक चलेगा। इसी के तहत 174 वाहिनी सीआरपीएफ के सभी समवायों द्वारा कैंपस तथा आसपास के क्षेत्रों में वृक्षारोपण किया जा रहा है। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में वाहिनी के सभी जवान बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही नागरिकों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है। इसी के तहत सोमवार को 174 काहिनी के कमांडेंट डॉ प्रेम चन्द एवं अन्य अधिकारियों ने कॉमर्स कॉलेज, चाईबासा में वृक्षारोपण किया, जहां प्राचार्य एवं अध्यापक ने भी वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर कमांडेंट डॉ प्रेम चंद ने सभी जवानों को वृक्षारोपण के लाभ एवं इसकी महत्वता से अवगत कराया। उन्होने बताया कि वृक्ष कैसे पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने में सहायक होते हैं। वृक्षारोपण पर्यावरण को संतुलित करना मानव के अस्तित्व की रक्षा करने के लिए आवश्यक है। हमें अपने और पर्यावरण के हितैषी पेड़-पौधों के साथ मित्रवत व्यवहार करना चाहिए। शिक्षा के पाठ्यक्रम वृक्षारोपण को भी स्थान देना होगा और लोगों को इसके कार्यक्रम में अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित करना होगा। कमांडेंट ने कहा कि जितनी कॉपी-किताबें हमने अपनी पढ़ाई के दौरान प्रयोग में लायी है वह कई पेड़ों से बनायी गयी है। हम सभी का फर्ज है कि कम से कम उतने तो पेड़ लगायें। इस अवसर पर 174 बटालियन सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी सरकार राजा रमन, हजारी लाल ( द्वितीय कमान अधिकारी , परिचालन ), संजय कुमार सिन्हा ( उप कमांडेंट ) एवं जवान उपस्थित थे।







