
चाकुलिया : कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण सरकार ने लाक डाउन की घोषणा की है. लाक डाउन होने से गरीब, मजदूर और असहाय लोगों के समक्ष भोजन सामग्री की व्यवस्था करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए साउथ इस्ट केमिकल्स चाकुलिया के सौजन्य से भूतपूर्व मंत्री स्व शिबू रंजन खां की स्मृति में लोगों के बीच जाकर खाद्य सामग्री का वितरण किया जा रहा है. मंगलवार को प्रखंड के सिमदी, चालुनिया और बीरदह पंचायत के जरूरतमंद लोगों के बीच 5 किलो चावल, 2 किलो आलू, 250 ग्राम दाल, 250 ग्राम सरसो तेल, बोतल साबुन 1, एक किलो पावर सर्फ का वितरण किया गया.
इस दौरान विधायक समीर महंती, मुखिया कन्हाई लाल मांडी, साहेबराम मांडी, कांग्रेस के नेता समेत सेवा में निगरानी समिति के रामाकान्त शुक्ला, रवीन्द्रनाथ मिश्रा, अनिल मिश्रा, प्रखण्ड अध्यक्ष समीर दास, अभय महंती, अवरुद्ध राय, पुरुषोत्तम वाल्मिकी समेत अन्य लोग उपस्थित थे. इस दौरान निगरानी समिति के सदस्य सह वरिष्ठ कांग्रेसी अनिल मिश्रा ने कहा कि लाक डाउन में कोई भी गरीब परिवार भूखा न रहे, इस उधेश्य से संस्था द्वारा गरीबों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि स्व शिबू रंजन खां के पुत्र सह समाजसेवी श्यामल खां के निर्देश पर प्रखंड के सरडीहा पंचायत, कालापाथर, भातकुंडा, लोधाशोली, जुगितोपा, बेंद, कुचियाशोली, सोनाहातु, बर्डीकानपुर, सिमदी, चालुनिया और बिरदह पंचायत में जरूरतमंद लोगों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया है. जल्द ही शेष पंचायतों में जरूरतमंद लोगों के बीच भी खाद्य सामग्री का वितरण किया जायेगा.







