रांची : टाटा स्टील बड़े पैमाने पर निवेश करने जा रही है. इस निवेश कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हिस्सा लेने वाले है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का 3 अप्रैल को जमशेदपुर के टिनप्लेट कंपनी में कार्यक्रम है, जहां करीब 1200 करोड़ रुपये के निवेश की शुरुआत होने जा रही है. इसके अलावा अन्य कंपनियों का भी निवेश यहां से हरी झंडी दिखायी जायेगी. इस कार्यक्रम को लेकर जमशेदपुर की उपायुक्त विजया जाधव ने मुख्यमंत्री के आगमन के तैयारियों की समीक्षा को लेकर टाटा स्टील के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली. साथ ही अन्य कई बिंदुओं पर भी चर्चा हुई. (नीचे भी पढ़ें)
मानगो में पिछले दिनों हटाये गए अतिक्रमण में मुंशी मोहल्ला के पास सेंट्रल वर्ज का निर्माण कार्य यथाशीघ्र शुरू हो इस पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने कहा कि शहर को सुंदर व स्वच्छ रखने के लिए जरूरी है कि सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाए. टाटा कंपनी का समाजसेवा के कार्य में अग्रणी भूमिका तथा विभिन्न क्षेत्रों में विशेषता का लाभ जिले के छात्राओं को मिले इसे लेकर सभी कस्तूरबा विद्यालयों के शैक्षणिक गतिविधि में सहयोग देने पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा सीएसआर के तहत जिला लाइब्रेरी में फर्नीचर (टेबल, कुर्सी आदि) उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई. बैठक में निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा, जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रजंन, टाटा लैंड डिपार्टमेंट के हेड अमित सिंह व टाटा कम्पनी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.



