
जमशेदपुर : टाटा स्टील में अब 4 शिफ्ट में काम होगा. टाटा स्टील में नया बदलाव को लागू कर दिया जा रहा है. इसको देखते हुए टाटा स्टील मैनेजमेंट और यूनियन के अधिकारियों के बीच सोमवार को कई दौर की वार्ता हुई, जिसमें यह फैसला लिया गया. इस वार्ता में टाटा स्टील के वीपी एचआरएम सुरेश दत्त त्रिपाठी, चीफ स्तर के अधिकारी जुबिन पालिया के अलावा टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे. यहां तय किया गया कि अब तक तीन शिफ्ट में काम होता है और एक जेनरल शिफ्ट होता है. अब इस तीन शिफ्ट को बदलकर ए, बी, सी के साथ एक और डी शिफ्ट जोड़ दिया गया है. इसके तहत कर्मचारियों का छोटा-छोटा समूह बनाया जायेगा. इसके तहत तीन शिफ्ट में काम तो होगा, लेकिन जो चौथा शिफ्ट का कर्मचारी होगा, वह छुट्टी पर रहेगा. एक सप्ताह चौथा शिफ्ट वाले लोग छुट्टी पर रहेंगे. इसके बाद इसी तरह साइकिल घुमता रहेगा, एक शिफ्ट का कर्मचारी का समूह एक सप्ताह छुट्टी में रहेगा. इसको प्रयोग के तौर पर टाटा स्टील के एलडी 3 में लागू कर दिया गया है जबकि सिंटर प्लांट 2 में भी इसको लागू किया गया है. इसी तरह जेनरल शिफ्ट के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगेगी. जेनरल शिफ्ट का एक वर्ग के मजदूरों के समूह को दो भागों में बांटा जायेगा. इसके तहत चार दिन एक समूह का व्यक्ति जेनरल शिफ्ट का ड्यूटी करेगा तो दूसरा समूह का कर्मचारी छुट्टी पर रहेगा जबकि तीन दिन जो छुट्टी पर रहेगा, वह फिर से चार दिन ड्यूटी करेगा. इसी तरह साइकिल चलता रहेगा और ड्यूटी होता रहेगा. इस नये सिस्टम को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया जायेगा. इसके पीछे वजह यह है कि कोरोना वायरस का संक्रमण फैल रहा है और पोजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ रही है. ऐसे में अगर कोई कर्मचारी काम के दौरान ही पोजिटिव निकल जाता है तो उस पूरे ग्रुप को ही क्वारंटाइन करना होगा और पूरे ग्रुप में कम कर्मचारी रहेंगे तो उत्पादन प्रभावित नहीं होगा. इसको देखते हुए यह तैयारी की गयी है. इस बैठक में यूनियन ने यह सवाल भी पूछा कि कहीं यह मैनपावर को कम कर मैनपावर के राइटसाइजिंग का चक्कर तो नहीं है. इस पर मैनेजमेंट ने कहा कि सिर्फ यह कोरोना वायरस को देखते हुए कदम उठाया गया है. इसको कोविड के असर के साथ ही खत्म कर दिया जायेगा.















