जमशेदपुर : टाटा स्टील के एनएस ग्रेड के कर्मचारियों और कमेटी मेंबरों ने शनिवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के ऑफिस में अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु का घेराव किया. वेज रिवीजन समझौता में बेहतर लाभ दिलाने की मांग इन लोगों ने की. इन लोगों ने अध्यक्ष से मांग की कि 50 प्रतिशत एमजीबी सुनिश्चित किया जाये, 5000 रुपये फिक्स्ड भुगतान के साथ वीडीए छह रुपए प्रति प्वाइंट पर न्यूनतम कटौती किया जाये, एनुअल इंक्रीमेंट को बेसिक का न्यूनतम तीन प्रतिशत किया जाये, सालाना ग्रोथ आठ से दस प्रतिशत पर स्पष्ट रोडमैप बनाया जाये, प्रति बच्चे न्यूनतम 5000 रुपये एजुकेशन एलाउंस दिया जाये, रिटायरमेंट के करीब पहुंच रहे कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए ठोस प्रावधान और ब्लॉक 1, 2 व 3 में स्टैग्नेशन (एक स्थान पर रुके हुए कर्मचारी) झेल रहे कर्मचारियों को हर चार साल पर इंक्रीमेंट सुनिश्चित किया जाये. (नीचे भी पढ़ें)
इन सारी मांगों को लेकर एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबरों और कर्माचरियों ने अपनी अपनी दलील दी और मजबूती से अपनी बातों को रखा. इन लोगों ने कहा कि करीब 7 हजार कर्मचारियों के भविष्य के बारे में टाटा वर्कर्स यूनियन को हर हाल में सोचना चाहिए. इसको लेकर जल्द से जल्द फैसला लिया जाये और उनका भी जीवन स्तर को बेहतर बनाने को लेकर यूनियन पहल करें. करीब चार दिनों के टूर कार्यक्रम से लौटे संजीव चौधरी टुन्नु ने आश्वासन दिया कि वे मैनेजमेंट से बातों को रखेंगे. यूनियन के पदाधिकारियों से बातचीत करेंगे. इसके बाद वार्ता में उनकी बातों को मजबूती से रखेंगे. उनके साथ अन्याय नहीं हो, इसका पूरा ख्याल रखने की कोशिश करेंगे.


















