जमशेदपुर : टाटा स्टील में ट्रेड अप्रेंटिस में नयी बहाली टाटा स्टील की ही दूसरी कंपनी के माध्यम से बहाली करने का विरोध शुरू हो गया है. इस मसले को लेकर सबसे पुरानी ट्रेड अप्रेंटिस के लोगों की संस्था टिस्को एक्स ट्रेड अप्रेंटिस एसोसिएशन ने दबाव बढ़ाया है. अध्यक्ष भगवान सिंह के नेतृत्व में टिस्को ट्रेड अप्रेंटिस एसोसिएशन ने एक ज्ञापन टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु के ऑफिस को सौंपा है, जिसको उनके माध्यम से एमडी तक भेजा जायेगा. इसमें इन लोगों ने बताया है कि यह अफसोस की बात है कि ट्रेड अप्रेंटिस की बहाली अब दूसरी कंपनी से होगी. इन लोगों ने कहा है कि भारत में अप्रेंटिसशीप की अवधारणा सर्व प्रथम टाटा स्टील (तब टिस्को) ने विकसित की. ट्रेड अप्रेंटिस ऐक्ट 1961 के लागू होने से वर्षो पहले टाटा स्टील में सी क्लास अप्रेंटिस और आरटिजन ट्रेनिंग की बहाली होती थी. यहाँ तक कि ट्रेड अप्रेंटिस ऐक्ट की ब्लू प्रिंट तैयार करने में हमारी कम्पनी ने काफी योगदान दिया. जमशेदपुर टेक्निकल इंस्टीटयूट (एसएनटीआइ) से प्रशिक्षित हजारों अप्रेंटिस न सिर्फ टाटा स्टील वरन देश के अन्य इस्पात कारखानों को दक्ष कार्यबल देने में सफल हुए. ट्रेनिंग में पायोनियर रहा टाटा स्टील आज इससे मुख मोड़ ले, यह हमारे लिए मायूसी की बात है. इन लोगों ने कहा है कि टाटा स्टील के अप्रेंटिस यहाँ के ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, ट्रेनिंग शॉप और विभिन्न प्लांटों में दो तीन और चार वर्षो तक सघन प्रशिक्षण लेकर न सिर्फ टेक्निकल स्किल प्राप्त करते थे अपितु टाटा संस्कृति को भी आत्मसात करते थे. बाहरी ऐजेंसी 15 से 19 वर्ष के बच्चों को टेक्निकल स्किल भले ही दे दें, उनके मन मस्तिष्क पर टाटा संस्कृति की छाप नहीं छोड़ सकती. अनेकों पूर्व प्रबंध निर्देशक जैसे रुसी मोदी, अप्रेंटिस को टाटा स्टील का बैकबोन, तो डॉ जेजे ईरानी अप्रेंटिस को टाटा स्टील का हृदय कहते थे. इस कारण हजारों पूर्व ट्रेड अप्रेंटिसों की ओर से टिस्को एक्स ट्रेड अप्रेंटिस एसोसिएशन ने अपील की है कि ट्रेड अप्रेंटिस की बहाली और ट्रेनिंग पूर्ववत जारी रखें.














