
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के सौ साल पूरे हो चुके है. सौ साल पूरे होने के बाद यूनियन की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित होता रहा. अब 7 व 8 मार्च को इसके पूरे साल भर चले कार्यक्रम का समापन होने जा रहा है. इसको लेकर भव्य तैयारी की गयी है. इसकी अंतिम रुपरेखा को यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद और महामंत्री सतीश सिंह ने संयुक्त रुप से सारे ऑफिस बियररों को बताया. इस दौरान बताया गया कि 7 मार्च को सुबह नौ बजे से साढ़े ग्यारह बजे तक कल के यूनियन विषय पर परिचर्चा होगी, जिसमें टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन हिस्सा लेंगे. इस दौरान कर्मचारियों के लिए सौ साल पूरे होने पर 50 ग्राम का चांदी का सिक्का को रिलीज किया जायेगा, जिसको सारे कर्मचारियों के बीच वितरित किया जायेगा. इसके अलावा उसी दिन मौजूदा हालात में यूनियन की स्थिति पर चार सीइओ द्वारा अपना पक्ष रखा जायेगा, जिसमें टाटा मोटर्स के प्लांट हेड विशाल बादशाह, टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट के एमडी आशीष अनुपम, होंडा कंपनी के वीपी और टाटा वर्कर्स यूनियन में उपाध्यक्ष रह चुके हरभजन सिंह वक्ता के रुप में मौजूद रहेंगे जबकि मॉडरेटर एसएनटीआइ के चीफ प्रकाश सिंह होंगे. शाम को होने वाले कार्यक्रम में दस कॉलेजों के बच्चे भी भविष्य के ट्रेड यूनियन पर प्रकाश डालेंगे, जिसमें श्रम के जानकार ओंकार शर्मा हिस्सा लेंगे. स्कूली बच्चों के बीच लेख और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी, जिसके प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 35 हजार रुपये जबकि द्वितीय स्थान पाने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जायेगा. इसके जज की भूमिका में टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष शहनवाज आलम और हरिशंकर सिंह होंगे जबकि मैनेजमेंट की ओर से संजय विरमानी मौजूद रहेंगे. इसके बाद 8 मार्च को सीएचआरओ सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें टाटा मोटर्स के सीएचआरओ, भूषण स्टील के संदीप धीर रहेंगे जबकि जुबिन पालिया इसमें मॉडरेटर की भूमिका में होंगे. इस दौरान स्कूल ऑफ होप के बच्चों को एक साल का रहने पर होने वाले खर्च का बड़ा डोनेशन भी यूनियन देगी. इसके बाद ट्रेड यूनियन के बेस्ट प्रैक्टिस पर भी परिचर्चा होगी, जिसमें टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महासचिव आरके सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय, सीएट कंपनी के यूनियन के अध्यक्ष और टाइटन यूनियन के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे.
दूसरी ओर, टाटा स्टील के 36 कर्मचारियों को टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से विदाई दी गयी. इस मौके पर सभी ने कंपनी के दिनों को याद किया और कंपनी और यूनियन की ओर से मिले सहयोग की तारीफ की. इस दौरान सभी लोगों ने कंपनी के उज्जवल भविष्य के लिए यूनियन से आग्रह किया कि कड़ी मेहनत कर जिस तरह कंपनी को आगे ले गये है, ठीक उसी तरह कंपनी को और आगे ले जाने के लिए फिर से सबको मेहनत करने की जरूरत है. इस मौके पर यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय, महामंत्री सतीश सिंह, उपाध्यक्ष भगवान सिंह, शत्रुघ्न कुमार राय, हरिशंकर सिंह, सहायक सचिव नितेश राज और कोषाध्यक्ष प्रभात लाल मौजूद थे.




