
जमशेदपुर : इन दिनों भले ही यहां बरसात हो रही है, लोगों को गर्मी का भी अहसास हो रहा है, लेकिन आज 22 सितंबर को दिन और रात बराबर होंगे. इसके साथ ही अब सर्दी का मौसम शुरू हो गया है। अब रातें बड़ी और दिन छोटे होने लगेंगे। जानकार बताते हैं कि सौरमंडल में सूर्य अपनी निर्धारित कक्षा में चक्कर लगाता है। पृथ्वी अपनी धुरी पर 23.5 डिग्री झुकी है और सूर्य के चक्कर लगा रही है। 21 मार्च और 22 सितंबर को पृथ्वी की भूमध्य रेखा बिल्कुल सूर्य के सामने पड़ती है। इस कारण दिन और रात्रि का समय बराबर हो जाता है। 21 मार्च को जब ये स्थिति बनती है तो उत्तरी गोलार्ध में गर्मी और जब यह स्थिति 22 सितंबर को बनती है तो सर्दियों की शुरुआत होती है। दक्षिणी गोलार्ध में इसके उलट स्थिति बनती है। हालांकि सूर्य की किरणें वातावरण में सुबह और शाम को तिरछी पड़ने के कारण दिन-रात ठीक 12 घंटे के ही न होकर इसमें चंद मिनटों का अंतर होता है। भारत में इस वर्ष यह अंतर लगभग सात मिनट का रहेगा। 22 सितंबर को कुतुबमीनार से तीन से चार गुने बड़े आकार का एक एस्टेरोइड 2021 एनवाई 1 पृथ्वी के बहुत नजदीक से गुजरेगा। इसका आकार लगभग 300 मीटर का है। (नीचे भी पढ़ें)

इसी बीच आज (बुधवार) रात को एक विशाल एस्टेरोइड (क्षुद्र ग्रह) भी धरती के बेहद करीब आएगा। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने इसके आकार और पृथ्वी से निकटता को देखते हुए इसे संभावित खतरनाक की श्रेणी में रखा है। आर्य भट्ट शोध एवं प्रेक्षण विज्ञान संस्थान एरीज के वैज्ञानिकों के अनुसार, 2021 एनवाई 1 पृथ्वी के नजदीक से गुजरने वाले 17 नियर अर्थ ऑब्जेक्ट्स में से एक है। यह 33600 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आज पृथ्वी से लगभग 15 लाख किलोमीटर की दूरी से गुजरेगा।




