
जमशेदपुर : झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. शहर व आसपास के हिस्सों में शुक्रवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. गुरुवार को पूर्वी झारखंड (संताल) को छोड़ करीब-करीब पूरे राज्य में हल्की बारिश हुई जिसने मौसम को ठंडा कर दिया. मौसम विभाग ने आठ फरवरी तक बारिश का अनुमान जताया है. शहर और आसपास के इलाके में गुरुवार की शाम मौसम में बदलाव आया. आकाश में काले बादल छाये रहे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई. गुरुवार को जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस , डालटनगंज का न्यूनतम तापमान 09.5 डिग्री सेल्सियस जबकि कांके का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार, सात फरवरी को भी आकाश में बादल छाये रहेंगे और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. आठ फरवरी को भी आकाश में बादल छाये रहेंगे, जबकि नौ फरवरी से आकाश पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है. 11 फरवरी से न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि संभव है.
मौसम विभाग के अनुसार देश के पश्चिमी भाग में विक्षोभ उठने का असर झारखंड समेत बिहार में भी देखा जा रहा है. पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के पश्चात ही आसमान साफ होगा और धूप खिलेगी. हालांकि अभी कम से आठ फरवरी तक आसमान में बादल छाये रहने का अनुमान है.







