चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में नगर विकास फंड से निर्मित तीन नालियों की जांच की जाएगी. यह जानकारी नपं के उपाध्यक्ष सुमित लोधा ने दी. श्री लोधा ने बताया कि उक्त तीनों नालियों के निर्माण में संवेदक द्वारा काफी अनियमितता बरती गयी है. नपं क्षेत्र के ग्रामीणों ने इसकी शिकायत विधायक समीर महंती से की है. ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक ने नपं के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद ओझा से दूरभाष पर बात कर तीनों नालियों की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है.
श्री लोधा ने कहा कि विधायक के मांग पर 18 फरवरी को नपं के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और संबंधित जेई के साथ मिलकर नपं क्षेत्र के धर्मशाला रोड, पुराना अस्पताल रोड और प्रखंड कार्यालय जाने वाली सड़क किनारे निर्मित नालियों की जांच की जाएगी. श्री लोधा ने कहा कि योजना कार्य में प्राक्कलन के मुताबिक गुणवत्ता नहीं पायी गयी, तो संबंधित संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.






