
जमशेदपुर : बंगाल चुनाव में भाजपा से चुनौती झेल रही बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस झारखंड में अपनी जमीन तलाशने में जुटी हुई है. पार्टी जिला स्तर पर कमेटियों का गठन कर आगामी चुनाव के लिए अभी से ही तैयारियों में जुट गई है. जमशेदपुर में कोल्हान के तीनों जिले के कार्यसमिति की बैठक सोमवार को संपन्न हुई. गौरतलब है कि झारखंड में किसी भी जिले में तृणमूल कांग्रेस मजबूत नहीं है. पिछले कई चुनावों में तृणमूल कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी जरूर उतारे थे, लेकिन चुनाव में हार के बाद प्रत्याशी मैदान छोड़ भाग निकले. ऐसे में पार्टी अब जमीनी स्तर पर झारखंड में खुद को मजबूत करने पर जुट गई है. जमशेदपुर में सोमवार को पार्टी के कार्यसमिति की बैठक संपन्न हुई जहां कोल्हान के तीनों जिले के पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान सभी जिलों में नए पदाधिकारियों को दायित्व भी सौंपा गया. पार्टी के वरीय नेताओं के अनुसार तृणमूल कांग्रेस अब हर स्तर पर पार्टी को मजबूत करेगी और आगामी चुनावों में मजबूती के साथ झारखंड की धरती पर चुनाव लड़ेगी.





