
जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा गठित ज्वाइंट वर्क्स काउंसिल (जेडब्ल्यूसी) के टीएमएच को लेकर स्पेशल मीटिंग हुई. इस मीटिंग में टीएमएच को लेकर कई सुझाव दिये गये तो कई सारे फैसले लिये गये. इस दौरान सबसे पहले जेडब्ल्यूसी के चेयरमैन और टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह ने टीएमएच के नये जीएम डॉ सुधीर राय का स्वागत किया जबकि नये सीआइएमएस के पद पर नियुक्त डॉ एस प्रधान का भी अभिनंदन किया गया. इस बैठक में पूर्व जीएम और टीएमएच के सलाहकार डॉ राजन चौधरी भी मौजूद थे. मीटिंग में कोरोना को लेकर कार्य करने वाले डॉ राजन चौधरी और उनकी टीम के चिकित्सकों के अलावा नर्सों और सफाईकर्मियों को आभार जताया गया. इस दौरान यह बताया गया कि कोरोना की हर लड़ाई के लिए टीएमएच तैयार है. इसके तहत टीएमएच में अब तक 59891 टेस्ट किये जा चुके है, जिसमें आरटीपीसीआर टेस्ट 32561 है जबकि 27330 रैपिड एंटीजेन टेस्ट है. इसके अलावा कोरोना के बाद होने वाली परेशानियों से भी अवगत कराया गया, जिसके तहत कोरोना को लेकर पोस्ट कोविड ओपीडी की शुरुआत टीएमएच में किये जाने की जानकारी दी गयी. इसके अलावा यह भी कहा गया कि ऑनलाइन दवाओं का वितरण शुरू कर दिया जायेगा. लोगों को दवाएं घर पर दी जायेगी. सदस्यों ने यहां सुझाव दिया कि डिस्पेंसरी को और मजबूत बनाया जाना चाहिए ताकि टीएमएच पर लोड कम हो सके. इस दौरान यह बताया गया कि टीएमएच के सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सक अब लोगों के लिए उपलब्ध रहेंगे. ओपीडी में अगले सप्ताह से लोग इलाज करा सकेंगे. इसके अलावा ऑनलाइन टेलीफोनिक के जरिये यह जरूर होगा. इस दौरान सदस्यों ने सुझाव दिया कि टीएमएच के प्राइम की भी सुविधा को जल्द शुरू कर दिया जाये जबकि फिजियोथेरेपी को भी शुरू करने की मांग उठी. इस दौरान डिस्पेंसरी में ब्लड सैंपल का कलेक्शन का समय को और बढ़ाने की भी मांग की गयी.





