
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के घरों में नोटों की बरसात होने लगी है. बोनस की राशि कर्मचारियों के एकाउंट में कंपनी ने क्रेडिट कर दिया, जिसके बाद उनके एकाउंट में पैसे आ गये है. आयकर की कटौती के बाद सबको राशि दे दी गयी है. इसके साथ ही कर्मचारियों के घरों में नोटों की बरसात हो गयी है. कर्मचारियों को बोनस के मद में लाखों रुपये मिले है, जिससे परिवार में खुशियों का माहौल है जबकि सारे लोग खुश नजर आ रहे है. इस दौरान कर्मचारियों में खुशी का माहौल देखा गया है तो पैसे को कहां निवेश किया जाना है, इसको लेकर भी प्लानिंग की जा रही है. वैसे बचत के प्रति लोगों का रुझान है. चूंकि, इस बार दुर्गा पूजा भव्य नहीं होने वाला है, इस कारण भी बोनस की राशि ज्यादा खर्च हो पायेगी, इसको लेकर संदेह है. आपको बता दें कि टाटा स्टील के कर्मचारियों का वित्तीय वर्ष 2019-2020 के तहत बोनस समझौता करीब एक माह पहले हुआ था. पहले से तय समझौता के फार्मूला के आधार पर यह बोनस मिला है. इसके तहत कर्मचारियों को इस साल कुल 235.54 करोड़ रुपये बोनस मद में मिला है. इस साल 24074 कर्मचारियों को बोनस मिला है, जिसमें जमशेदपुर में कुल 12807 कर्मचारियों के बीच बोनस की राशि बांटी गयी है. इसमें टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट (ट्यूब डिवीजन समेत) में कुल 142.05 करोड़ रुपये का बोनस की राशि दी गयी है.



