
नयी दिल्ली: निशानेबाज अवनि लेखरा ने शुक्रवार को टोक्यो पैरालंपिक खेलों की 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच-1 स्पर्धा का कांस्य पदक हासिल किया, जिससे वह दो पैरालंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गयीं. उन्नीस साल की अवनि लेखरा इससे पहले 10 मीटर एयर राइफल स्टैडिंग एसएच-1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं. लेखरा ने 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच-1 स्पर्धा में 1176 के स्कोर से दूसरे स्थान पर रहकर फाइनल के लिये क्वालीफाई किया था.फाइनल काफी चुनौतीपूर्ण रहा जिसमें लेखरा ने कुल 445.9 अंक का स्कोर बनाया और वह यूक्रेन की इरिना श्चेटनिक से आगे रहकर पदक हासिल करने में सफल रहीं. वहीं यूक्रेन की निशानेबाज खराब शॉट से पदक से चूक गयीं. इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीन की झांग कुईपिंग ने 457.9 अंक से खेलों के नये रिकॉर्ड के साथ हासिल किया जबकि जर्मनी की नताशा हिल्ट्रोप ने 457.1 अंक से रजत पदक हासिल किया.एचएच-1 राइफल स्पर्धा में खिलाड़ियों के पैरों में विकार होता है जिसमें उनका पैर काटना पड़ा हो या फिर नीचे के अंग में पक्षाघात हो गया. कुछ खिलाड़ी बैठकर जबकि कुछ खड़े होकर हिस्सा लेते हैं.



