
जमशेदपुर : भारत के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू 17 फरवरी को जमशेदपुर आ रहे है. वे टाटा स्टील और टाटानगर के सौ साल पूरे होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. 17 फरववरी को जमशेदपुर आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त रविशंकर शुक्ला की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में मुख्य रूप से उपराष्ट्रपति के आगमन एवं कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों के साथ ही टाटा स्टील के वरीय पदाधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया गया. उपराष्ट्रपति के जमशेदपुर आगमन के पश्चात मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम पर गहनता से विमर्श किया गया एवं हर पहलू पर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से चर्चा की गई. उपराष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल के साथ सीसीटीवी कैमरा से निगरानी की जाएगी. उपराष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एयरपोर्ट, एक्सएलआरआइ, रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस पर अग्निशमन गाड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. वहीं आपात स्थिति में टाटा मेन हॉस्पिटल में चिकित्सा के लिए पूरी व्यवस्था की जाएगी. इस संबंध में उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए. कार्यक्रम प्रारंभ होने से पहले लोग सभागार में अपना स्थान ग्रहण कर लें यह सुनिश्चित किया जाएगा. उपराष्ट्रपति के जमशेदपुर आगमन पर सबसे पहले एयरपोर्ट पर जिला प्रशासन एवं टाटा स्टील के वरीय पदाधिकारियों द्वारा स्वागत के पश्चात रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस में उपराष्ट्रपति द्वारा पौधारोपण एवं आर्काइव का भ्रमण के पश्चात एक्सएलआरआइ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेना है. उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू आगामी 17 फरवरी को जमशेदपुर में टाटा स्टील द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आएंगे. उपराष्ट्रपति के जमशेदपुर आगमन पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से जुबिली पार्क को 17 फरवरी को बंद रखा जाएगा. बैठक में मुख्य रूप से सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट, अपर जिला दंडाधिकारी, अपर उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, सीनियर डीएसपी स्पेशल ब्रांच के साथ ही टाटा स्टील के पदाधिकारी ऋतुराज, अभय नारायण सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.







