रामगोपाल जेना
मझगांव : पश्चिम सिंहभूम जिला के मझगांव विधानसभा क्षेत्र के कुमारडूंगी प्रखंड परिसर में सोमवार को झारखंड सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत आंगनबाड़ी सेविकाओं को ड्रेस तथा किसानों के बीच उन्नत किस्म के धान बीज का वितरण किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मझगांव विधानसभा के विधायक निरल पूर्ति उपस्थित रहे. उन्होंने लाभुकों को सामग्री वितरित करने के साथ सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक निरल पूर्ति ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए ड्रेस कोड लागू किया जाना एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्गों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही हैं. गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने, बच्चों के नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न सर्वेक्षणों में सहयोग करने तथा समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका हमेशा अग्रणी रही है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि ड्रेस मिलने से सेविकाओं की पहचान और कार्य के प्रति सम्मान दोनों में वृद्धि होगी. विधायक ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में किसानों के बीच उन्नत किस्म के धान बीज का वितरण किया जा रहा है, ताकि वे कम लागत और कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय बढ़ा सकें. उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक तरीके से खेती अपनाने और सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं का लाभ लेने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान विधायक ने मलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत उपस्थित लोगों को मलेरिया से बचाव एवं जागरूकता की शपथ भी दिलाई. उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही मलेरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है. इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, मानकी-मुंडा, प्रखंड कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मचारी, आंगनबाड़ी सेविकाएं, किसान तथा बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा स्वास्थ्य और कृषि के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा.







