रामगोपाल जेना/चाईबासा : झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा शनिवार को चाईबासा पहुंचीं और सारंडा क्षेत्र में ऑपरेशन ‘कोलाबुरू’ की ऐतिहासिक सफलता पर पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों के अधिकारियों व जवानों का मनोबल बढ़ाया. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बेहतर कोऑर्डिनेशन, सटीक इंटेलिजेंस और आक्रामक रणनीति के चलते नक्सलियों को करारा झटका लगा है. (नीचे भी पढ़ें)
डीजीपी ने कहा कि पुलिस–सीआरपीएफ–सुरक्षा बलों के मजबूत समन्वय से यह बड़ी कामयाबी संभव हुई है और अब झारखंड व चाईबासा को नक्सल मुक्त कराने का लक्ष्य जल्द पूरा किया जाएगा. डीजीपी ने चाईबासा में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर आगे की रणनीति तय की. इसमें निरंतर सर्च ऑपरेशन, क्षेत्रीय पकड़ मजबूत करने और लॉजिस्टिक सपोर्ट को और धार देने का निर्णय शामिल है. (नीचे भी पढ़ें)
डीजीपी ने स्पष्ट संकेत दिया कि ऑपरेशन कोलाबुरू आगे भी जारी रहेगा और नक्सलियों के खिलाफ दबाव और बढ़ाया जाएगा. उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती व इंटेलिजेंस नेटवर्क को और सुदृढ़ किया जाएगा ताकि नक्सलियों के बाकी बचे ठिकानों पर निर्णायक कार्रवाई की पुख्ता तैयारी की जा सके. पुलिस बल की तैयारियों का साफ संकेत है कि अब पीछे हटने का नहीं, निर्णायक प्रहार का समय आ गया है.




