
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में बेखौफ अपराधियों का तांडव जारी है. अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है. सरायकेला के कांड्रा इलाके में एक बार फिर से अपराधियों ने सरेराह गोली मारकर लूटने की घटना को अंजाम दिया. बताया जाता है कि गाड़ी पर सवार करीब दो की संख्या में बेखौफ अपराधियों ने कांड्रा थाना अंतर्गत चाडरी रेलवे पुल के समीप मोहम्मद जमाल उर्फ कलीम नामक युवक को पहले गोली मारी और उसके पास एक बैग में रखे करीब दो लाख रुपये लूटकर वहां से भाग निकले. उसको गंभीर रूप से घायल अवस्था में युवक को टाटा मुख्य अस्पताल लाया गया जहां युवक की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. मोहम्मद जमाल कोलाबिरा का रहने वाला है.

युवक कारोबारी बताया जा रहा है, जो कांड्रा से कलेक्शन कर लौट रहा था. वह घर लौट रहा था कि रास्ते में अपराधियों ने उसको गोली मारी. गोली युवक के कंधे में लगी है. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही कांड्रा थाना की पुलिस तफ्तीश में जुट गई है. वैसे एक पखवाड़े के भीतर गोली चालन की यह दूसरी घटना है. हालांकि पहली घटना आदित्यपुर थाना क्षेत्र की है, जहां जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इधर घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
अपराधियों पर नकेल कसने में कामयाब नहीं हो पा रही है पुलिस
सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सलवाद भी है और संगठित अपराध भी हो रहा है. संगठित अपराधियों पर लगाम लगाने में पुलिस नाकाम साबित हुई है. आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पिछले दिनों ही हत्या हुई थी और एक पखवाड़ा में एक और व्यक्ति को गोली मार दी गयी है. पुलिस की ओर से अब तक किसी तरह का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. अपराधियों की धड़पकड़ के लिए प्रयास की सिर्फ बात कहीं जा रही है.







